सीएम राइज स्कूल प्राचार्य के घर हुई 10 लाख की चोरी का खुलासा, पारदी गिरोह सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना बदरवास, रन्नौद और इंदार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पारदी गिरोह के सदस्यों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4 लाख रुपये का माल और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को बदरवास निवासी महेंद्र कुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर रात के समय उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 10 लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बदरवास, नेशनल हाईवे और गुना क्षेत्र के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की पहचान की गई। इसके बाद वाहन चालक पुरुषोत्तम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
पुलिस ने गुज्जर पारदी और मंगतराम पारदी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों ने पारदी गिरोह को बदरवास बुलाकर करीब डेढ़ माह तक प्राचार्य के घर की रेकी कराई थी। आरोपियों ने मिलकर चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मनोज परिहार, शिवजीत यादव, शिवकुमार यादव और धीरज परिहार को भी षड्यंत्र और रेकी कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ में शिवपुरी जिले के सिंहनिवास गांव में हुई एक अन्य चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस ने अब तक करीब 4 लाख रुपये का मशरूका और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त किया है। शेष चोरी गए माल की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में इंचार्ज थाना प्रभारी बदरवास उप निरीक्षक शिखा तिवारी, थाना प्रभारी रन्नौद उप निरीक्षक अरविंद चौहान, थाना प्रभारी इंदार उप निरीक्षक विवेक यादव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र जाट, सहायक उप निरीक्षक गोपाल बाबू, सहायक उप निरीक्षक राकेश शिवहरे, सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह मखेनिया, प्रधान आरक्षक जगेश सिकवार, प्रधान आरक्षक विकास चौहान, आरक्षक अवधेश शर्मा, आरक्षक अनित बुनकर, आरक्षक संदीप राठौर, आरक्षक भंगू भिलाला, आरक्षक महेश पटेलिया, आरक्षक राहुल परिहार, आरक्षक अनिल सिकवार, आरक्षक सदन भिलाला, आरक्षक रिंकू माहौर, आरक्षक राजकुमार भिलाला, चालक दीनू रघुवंशी एवं सैनिक वेद प्रकाश की विशेष भूमिका रही।
