सगाई के बाद मंगेतर ने नाबालिग को कर दिया PREGNANT: होने बाले पति पर RAPE सहित पॉक्सो की FIR, गिरफ्तार

शिवपुरी। खबर जिले के पोहरी थाना क्षेत्र से है जहां पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी मुलायम जाटव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की उम्र 17 वर्ष से कम है। उसकी सगाई 2 फरवरी 2026 को मुलायम जाटव के साथ हुई थी। आरोप है कि 12 मार्च 2026 को आरोपी ने किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई।
कुछ समय बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जांच के दौरान उसके गर्भवती होने का खुलासा हुआ। पीड़िता के नाबालिग होने के कारण डॉक्टर की सूचना पर पोहरी थाना पुलिस ने 28 मई 2026 को मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले में थाना प्रभारी रवि चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 जून को आरोपी मुलायम जाटव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
