ग्वालियर का करूआ रावत शिवपुरी में कर रहा था स्मैक की तस्करी, 28 लाख की 106 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार
फिजीकल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के पास से 52 हजार नकद और बाइक भी बरामद

शिवपुरी। शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत फिजीकल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करवला पुलिया के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़े एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 28 लाख 2 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति करवला पुलिया के पास स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामनिवास उर्फ करुआ रावत (35) निवासी ग्राम पाटई, थाना आरोन, जिला ग्वालियर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 26.50 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 52 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पहले भी एनडीपीएस एक्ट में पकड़ा जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी रामनिवास उर्फ करुआ रावत पूर्व में भी बैराड़ थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और उसके खिलाफ न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है। अब फिजीकल थाना पुलिस आरोपी से स्मैक के नेटवर्क और सप्लायरों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एक साल में करोड़ों की स्मैक पकड़ चुकी फिजीकल पुलिस
फिजीकल थाना पुलिस ने पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान स्मैक तस्करों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार टीम अब तक करीब 400 ग्राम से अधिक स्मैक जब्त कर चुकी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ सहित रामेंद्र सिंह चौहान, बजरंग सिंह जादौन, अंजीत तिवारी, विजय सेंगर, सुशील जाट, अजय यादव, बृजेश जादौन, पुष्पेन्द्र रावत, विजय मीणा, सागर भारद्वाज, जितेन्द्र धाकड, अरविन्द सिंह, सैनिक रिंकू बाथम की विशेष भूमिका रही।
