शिक्षक या अपराधों का केंद्र? ग्रामीणों की कलेक्टर के दरबार में गुहार, कहा- गांव में फैला रखा है आतंक, यहां से भगाओ
स्कूल से ज्यादा गांव में रहते हैं शिक्षक, कई आपराधिक प्रकरणों का हवाला देकर कार्रवाई की मांग

शिवपुरी। पोहरी विकासखंड के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मैसटा (घटाई) में पदस्थ शिक्षक रामप्रकाश जाटव के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर विभागीय जांच और स्थानांतरण की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं जाते और अपने गांव में रहकर क्षेत्र के लोगों को परेशान करते हैं।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि रामप्रकाश जाटव, निवासी ग्राम गुरिच्छा, शासकीय शिक्षक होने के बावजूद अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वह अधिकांश समय अपने गांव में रहते हैं तथा क्षेत्र के लोगों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें कर विवाद की स्थिति पैदा करते हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षक और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा विभिन्न विभागों में लगातार शिकायतें की जाती हैं तथा कई मामलों में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शिकायतकर्ताओं ने शिक्षक के खिलाफ गोवर्धन, बैराड़, गोपालपुर और पोहरी थाना क्षेत्रों में दर्ज आपराधिक प्रकरणों का भी हवाला दिया है। आवेदन के साथ कुछ एफआईआर की प्रतियां संलग्न होने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाए और शिक्षक का स्थानांतरण किसी अन्य विकासखंड, जैसे पिछोर या खनियाधाना, में किया जाए ताकि क्षेत्र में शांति का वातावरण बना रहे।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि कलेक्टर स्तर पर इस शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है।
