1000766595

खेत में मिला 27 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

भंडारे के बाद खेत की रखवाली करने गया था युवक, 50 मीटर दूर टूटा मिला मोबाइल

1000766595

शिवपुरी। जिले के गौचोनी गांव में मंगलवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार गौचोनी निवासी पवन लोधी (27) पुत्र रामेश्वर लोधी का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के रिश्तेदार उमेश लोधी ने बताया कि सोमवार को परिवार में रामायण पाठ के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन था। कार्यक्रम के बाद पवन रात में खेत पर रखवाली करने चला गया था, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली।

परिजनों का आरोप है कि पवन के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वहीं उसका मोबाइल फोन शव से करीब 50 मीटर दूर टूटी हुई अवस्था में मिला है। परिवार का कहना है कि गांव में कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश भी चल रही थी, इसलिए उन्हें हत्या की आशंका है।

हिम्मतपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

युवक की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *