कट्टे की नोक पर राहगीर से लूट: नकाबपोश बदमाश सोने की अंगूठी और नकदी लेकर फरार
शादी समारोह से लौट रहे व्यक्ति को सुनसान पुल पर रोका, जान से मारने की धमकी देकर वारदात को दिया अंजाम

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार रात कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार एक व्यक्ति का रास्ता रोककर हथियार के बल पर नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खाईखेड़ा निवासी बद्रीप्रसाद जाटव (48) सोमवार रात करीब 8 बजे कोलारस क्षेत्र के पनवाड़ी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़ नदी पुल के पास लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके सामने आकर खड़े हो गए। दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
बदमाशों ने बद्रीप्रसाद की कनपटी पर कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे एक हजार रुपए नकद तथा हाथ में पहनी सोने की अंगूठी छीन ली। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया और झाड़ियों में फेंक दिया। जाते-जाते बदमाशों ने पीड़ित को कुछ देर तक वहीं खड़े रहने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बद्रीप्रसाद किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचे और ग्रामीण श्रीलाल जाटव को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया, जिससे घंटी बजने की आवाज के आधार पर झाड़ियों में पड़ा मोबाइल बरामद कर लिया गया।
पीड़ित ने बदरवास थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में हुई इस लूट की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
