1000758456

टोस्ट के पैकेट में निकली मरी हुई छिपकली, बच्चों ने खाया था उसी पैकेट का सामान

बड़ी सब्जी मंडी के सामने की दुकान से खरीदा गया था पैकेट, खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

1000758456

शिवपुरी। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ी सब्जी मंडी के सामने स्थित एक दुकान से खरीदे गए टोस्ट के पैकेट में मरी हुई सूखी छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया, खासकर इसलिए क्योंकि उसी पैकेट के कुछ टोस्ट बच्चे पहले ही खा चुके थे।

जानकारी के अनुसार कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी सत्येंद्र धाकड़, जो जय श्री राम कृषि सेवा केंद्र के संचालक हैं, अपने बच्चों के लिए नियमित रूप से टोस्ट के पैकेट खरीदते हैं। हाल ही में खरीदे गए पैकेटों में से एक पैकेट को खोलकर बच्चों ने कुछ टोस्ट खा लिए थे। इसके बाद जब दूसरा पैकेट खोला गया और उसमें से टोस्ट निकाले गए तो अंदर मरी हुई सूखी छिपकली दिखाई दी।

पैकेट में छिपकली देखकर बच्चे घबरा गए और परिजनों ने तुरंत पूरा पैकेट अलग रख दिया। घटना के बाद परिवार ने संबंधित दुकान पर पहुंचकर इसकी शिकायत की। सत्येंद्र धाकड़ का कहना है कि खाद्य पदार्थों में इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

दुकानदार ने अपनी सफाई में कहा कि वह संबंधित कंपनी या सप्लायर से सीलबंद पैकेट खरीदकर बेचता है और पैकेट के अंदर मौजूद सामग्री की जानकारी उसे नहीं होती। दुकानदार ने आश्वासन दिया कि सप्लायर के आने पर मामले की शिकायत की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बाजार में बिक रहे पैक्ड खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो। यदि टोस्ट के पैकेट में छिपकली जैसी वस्तु मिल सकती है तो खाद्य गुणवत्ता नियंत्रण की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और संबंधित खाद्य उत्पाद की गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *