जन्मदिन समारोह से लौट रहे परिवार की कार ट्रक से भिड़ी, महिला की मौत, चार घायल
आईटीआई के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, चालक मौके से फरार

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आईटीआई के पास उस समय हुआ, जब जन्मदिन समारोह से लौट रहे परिवार की कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार अमोलपठा चौकी क्षेत्र के नयागांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद अनीता जाटव, उनकी बेटी करिश्मा जाटव (17), बबीता जाटव (29), रितिक जाटव (9) और अभिषेक जाटव (20) कार से वापस लौट रहे थे। वाहन को रोहित जाटव चला रहा था।
रात करीब डेढ़ बजे शिवपुरी शहर के आईटीआई के पास पहुंचते ही कार और ट्रक की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अनीता जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी करिश्मा जाटव गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बबीता जाटव, रितिक जाटव और अभिषेक जाटव को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक रोहित जाटव मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं अचानक हुए इस हादसे से मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
