बैराड़ पुलिस ने 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दौलतराम और बंटी सोनी को दबोचा

शिवपुरी। बैराड़ पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की नीयत से पुराने सर्किट हाउस परिसर में बैठे हुए थे।
बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पुराने सर्किट हाउस बैराड़ में हथियार लेकर बैठे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दौलत सिंह कुशवाह (25) निवासी कालामढ़ और शिशुपाल उर्फ बंटी सोनी (40) निवासी वार्ड क्रमांक 4 बैराड़ बताए।
तलाशी के दौरान दौलत सिंह कुशवाह के पास से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड मिला। वहीं शिशुपाल उर्फ बंटी सोनी की जेब से एक और 315 बोर का जिंदा राउंड बरामद किया गया। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस मांगे जाने पर दोनों आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक तेज सिंह गौड़, आरक्षक अखलेश, ज्ञान सिंह, गिर्राज त्यागी तथा चालक आरक्षक मनीष परिहार की विशेष भूमिका रही।
