1000753556

शिवपुरी में जल संकट पर CMO इशांक धाकड़ का बड़ा एक्शन: मैदान में उतरे, 28 टैंकरों से सप्लाई शुरू और दबंग के कब्जे से बोर कराया मुक्त

1000753556

शिवपुरी। शहर में गहराते जल संकट से निपटने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आमजन को पानी की किल्लत से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ खुद मैदान में उतर चुके हैं। बैठकों के दौर के साथ-साथ जमीनी स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएमओ ने आज शहर के चारों जोनों का तूफानी दौरा कर पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

​28 टैंकरों से मोर्चा, बड़े टैंकरों से भरे जाएंगे संपवैल
​सीएमओ इशांक धाकड़ ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पानी की निर्बाध सप्लाई के लिए 28 टैंकर मैदान में उतार दिए गए हैं। इनमें 24,000 लीटर क्षमता वाले 6 बड़े टैंकर विशेष रूप से शामिल हैं, जो लगातार संपवैल को रीचार्ज करेंगे ताकि मुख्य सप्लाई व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो टैंकरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदारों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि यदि कहीं मोटर खराब होती है या पाइप बढ़ाने की जरूरत है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए; इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

​दबंग के कब्जे से मुक्त कराया बोर, फल मंडी में बढ़े पाइप
​नगर पालिका की इस मुहिम में उन वार्डों को प्राथमिकता दी जा रही है जहाँ बोर या पाइपलाइन की सुविधा नहीं है। एक बड़ी कार्रवाई के तहत वार्ड 29 और 30 में भूरा बाथम नाम के व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जे में लिए गए बोर को सीएमओ धाकड़ ने मौके पर पहुंचकर तत्काल मुक्त कराया, जिससे अब वहां जनता को पानी मिल सकेगा। इसके अलावा, पूरे शहर की जलापूर्ति को प्रभावित करने वाले फल मंडी स्थित मुख्य बोर में भी नए पाइप डलवाकर उसकी क्षमता बढ़ाई गई है।

​मंगलवार से मिलेगी बड़ी राहत
​सीएमओ ने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी मंगलवार से शहर में मणिखेड़ा जल आवर्धन योजना की सप्लाई पूरी तरह सुचारू हो जाएगी। साथ ही नई मोटरें आते ही पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत हो जाएगी।
सीएमओ इशांक धाकड़ की इस त्वरित कार्यप्रणाली और मुस्तैदी की शहरवासी जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारी इसी तरह फील्ड में डटे रहे, तो शहर को भीषण गर्मी में भी जल संकट का अहसास नहीं होगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *