1000752951

आवारा कुत्ते का आतंक: ढाई साल की बच्ची समेत तीन लोगों को काटा, चेहरे पर गंभीर चोट

1000752951

शिवपुरी। शहर में शनिवार को एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचा दिया। काले रंग के एक कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर ढाई साल की मासूम बच्ची सहित तीन लोगों को घायल कर दिया। बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोगों को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार महल के पीछे स्थित लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड पर मोहित कुशवाह की ढाई वर्षीय बहन निकिता कुशवाह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और बच्ची के मुंह को अपने जबड़ों में जकड़ लिया। कुत्ते के हमले से बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों और आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्ची को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। बचाव के दौरान एक व्यक्ति को भी कुत्ते ने काट लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद उसी कुत्ते ने विजयपुरम निवासी बलराम सिंह रावत पर हमला कर दिया। बलराम सिंह ने बताया कि वह लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड से गुजर रहे थे, तभी कुत्ता अचानक उनकी ओर दौड़ा। कुत्ता पहले एक कार से टकराया और फिर उनके हाथ में काटकर भाग गया।

बताया गया है कि बच्ची पर हमले से पहले यही कुत्ता ठंडी सड़क स्थित फ्रूट मंडी में पहुंचा था, जहां उसने फल व्यापारी रहीश राइन के हाथ में काट लिया था। कुत्ते के हमले की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

लगातार तीन लोगों पर हमले के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उन्हें पकड़ने और नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *