दिनारा के हनुमान मंदिर में चोरी, भगवान के चांदी के आभूषण और दानपात्र ले गए चोर

शिवपुरी। जिले के दिनारा कस्बे में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में शुक्रवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और भगवान पर चढ़े चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन तथा दानपात्र चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में करीब दो किलो चांदी होने की बात सामने आ रही है। घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर के पुजारी रामदास जी महाराज ने बताया कि शनिवार सुबह मंदिर के पट खोलने पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान का चांदी का मुकुट, चांदी की माला, चांदी के बर्तन और दानपात्र गायब थे। उन्होंने बताया कि दिनारा क्षेत्र में इससे पहले भी मंदिरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
स्थानीय निवासी बल्ला ने चोरी की घटना के पीछे नशे के कारोबार से जुड़े लोगों का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मंदिर के आसपास और दिनारा तालाब के किनारे रात के समय कई लोग स्मैक और शराब का सेवन करते हैं। क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जिससे धार्मिक स्थलों तक को निशाना बनाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर दिनारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
