बैराड़ पुलिस ने फिर 100 लीटर कच्ची शराब के साथ सोनू और पंकज को दबोचा

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी से बनी 100 लीटर देशी कच्ची शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेडिया रोड स्थित मांगीलाल रावत के खेत के पास दो लोग भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब रखे हुए हैं।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो व्यक्ति दो प्लास्टिक कैनों के साथ बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सोनू उर्फ सोहन परिहार (36) निवासी लोहपीटा मोहल्ला, बरोद रोड बैराड़ और पंकज परिहार (24) निवासी वार्ड क्रमांक 11 गायत्री कॉलोनी बैराड़ बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, उप निरीक्षक दशरथ सिंह राजपूत, आरक्षक शोभाराम मीणा, देवेन्द्र राठौर, हरिशंकर निगम, लोकेन्द्र सिंह और मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
