बैराड़ में अवैध खनन पर कार्रवाई: खंडों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, थाने में की सुपुर्द

शिवपुरी। जिले के बैराड़ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार अजय परसेडिया ने कस्बा भ्रमण के दौरान कृषि उपज मंडी के पास अवैध खंडों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान चालक से रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बैराड़ तहसील प्रशासन ने यह कार्रवाई की। पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे बैराड़ थाने के सुपुर्द कर दिया गया।
तहसीलदार अजय परसेडिया ने बताया कि मामले में आवश्यक प्रकरण तैयार किया जा रहा है। कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय भेजी जाएगी, जहां नियमानुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
