खाती बाबा मंदिर के पास अवैध रेत खनन पर विवाद, पुजारी ने लगाए फायरिंग के आरोप

शिवपुरी। जिले के करेरा थाना क्षेत्र की सुनारी चौकी अंतर्गत खाती बाबा मंदिर के पास बुधवार शाम अवैध रेत खनन को लेकर जमकर विवाद हो गया। मंदिर के पुजारी और कथित रेत माफियाओं के बीच हुए विवाद की सूचना मिलते ही सुनारी चौकी पुलिस और करेरा तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक एलएनटी पोकलेन मशीन और सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, दतिया जिले से जुड़े कुछ रेत कारोबारी पहले नदी के रौनेजा घाट से रेत निकाल रहे थे। आरोप है कि पूर्व में हुई कार्रवाई और स्थानीय विरोध के बाद उन्होंने अब जरगंवा घाट की ओर खनन शुरू कर दिया। यह घाट खाती बाबा मंदिर के नजदीक स्थित बताया जा रहा है।
मंदिर के महंत ने घाट पर हो रहे खनन का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। महंत का आरोप है कि विरोध करने पर रेत माफियाओं ने गोली चलाकर उन्हें डराने की कोशिश की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुनारी चौकी प्रभारी चेतन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
