पिछोर MLA के प्रतिनिधि पर प्रताड़ना के आरोप, परिवार ने CM गुहार लगाई, मांगी इच्छामृत्यु की अनुमति
वायरल वीडियो में बोले- दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो उठाएंगे बड़ा कदम

शिवपुरी। जिले की पिछोर विधानसभा के चमरौआ गांव में विधायक प्रतिनिधि पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई है। गांव के एक परिवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या की अनुमति मांगी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
परिवार के सदस्य शिवराज सिंह लोधी ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी हरिभान सिंह लोधी, जो खुद को विधायक प्रतिनिधि बताते हैं, पिछले दो वर्षों से उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं। शिवराज का कहना है कि उनकी बेटी को बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है। इतना ही नहीं, उनके भाई जगदीश लोधी, जो शासकीय स्कूल में प्राचार्य पद पर पदस्थ थे, उनके खिलाफ लगातार शिकायतें कराकर पद से हटवाने का दबाव बनाया गया।
रास्ते में रोककर डराने की कोशिश
शिवराज सिंह लोधी ने बताया कि बुधवार को उनके पिता जहार सिंह लोधी, पत्नी और भाई की पत्नी किसी काम से पिछोर गए थे। आरोप है कि लौटते समय पहले पिछोर क्षेत्र में और बाद में हिरापुर के जंगल के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। परिवार का कहना है कि उसी दौरान अन्य वाहन वहां पहुंच गए, जिससे वे किसी तरह बचकर गांव लौट सके। शिवराज ने आरोप लगाया कि यह पूरी साजिश विधायक प्रतिनिधि हरिभान सिंह लोधी ने गजौरा गांव के युवकों के माध्यम से कराई।
परिवार का कहना है कि समाज स्तर पर दो बार समझौता होने के बाद भी उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। वायरल वीडियो में परिवार ने मुख्यमंत्री से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे कोई बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
विधायक प्रतिनिधि ने आरोपों को बताया निराधार
उधर विधायक प्रतिनिधि हरिभान सिंह लोधी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि शिवराज सिंह लोधी के परिवार और गजौरा गांव के कुछ युवकों के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसमें उनका नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई कथित घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
हरिभान सिंह लोधी ने दावा किया कि पहले भी जगदीश लोधी की पत्नी ने उनके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। उस समय शिवराज सिंह चाहते थे कि वे दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई करवाने में सहयोग करें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसी वजह से अब उनके खिलाफ रंजिशन आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना साक्ष्यों के उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है और वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ मानहानि का दावा भी करेंगे।
गांव पहुंची पुलिस, जांच शुरू
मामला तूल पकड़ने के बाद गुरुवार सुबह खनियाधाना पुलिस चमरौआ गांव पहुंची। पुलिस ने परिवार से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। वहीं पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी ने भी परिवार के समर्थन में सामने आते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब पूरे मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।
