शिवपुरी में 7 पेटी अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

शिवपुरी। शहर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7 पेटी देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 350 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई जा रही है।
कोतवाली टीआई रोहित दुबे द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक पोहरी बस स्टैंड के पीछे अवैध शराब बेचने की नियत से खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी राहुल सेन उर्फ गोलू पुत्र शिवदयाल सेन उम्र 20 वर्ष निवासी कृष्णपुरम कॉलोनी शिवपुरी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे दो प्लास्टिक कट्टों से 7 पेटी में भरी 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद हुई। आरोपी शराब रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली। मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 415/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, सउनि प्रवीण त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक गजेंद्र परिहार, प्रधान आरक्षक अवतार सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष बैस, आरक्षक राहुल कुमार एवं आरक्षक चालक शरद यादव की विशेष भूमिका रही।
