1000700541

ईश्वरी ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से 8 वर्षीय बच्ची की मौत

गुना जा रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, माता-पिता समेत बहन गंभीर घायल

1000700541

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा एनएच-46 स्थित ईश्वरी ओवरब्रिज पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बच्ची के माता-पिता और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रन्नौद थाना क्षेत्र के अकोदा गांव निवासी 35 वर्षीय वीर सिंह पाल अपनी पत्नी राजकुमारी पाल और दो बेटियों देविका व पल्लवी के साथ बाइक से गुना में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ईश्वरी ओवरब्रिज पर ट्रक क्रमांक MP 04 GB 0156 ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय देविका को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पल्लवी और उसके माता-पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बदरवास थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव अकोदा में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *