1000700534

12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, सदमें में अगले दिन दादी की हार्ट अटैक से मौत

1000700534

शिवपुरी। शहर के छोटे लुहारपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार पर दो दिनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को 12वीं के छात्र आर्यभान सिंह सिसौदिया ने परीक्षा परिणाम के तनाव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, पोते की मौत का सदमा उनकी 75 वर्षीय दादी कमला देवी सहन नहीं कर सकीं और गुरुवार रात इलाज के दौरान उनका भी निधन हो गया। लगातार हुई दो मौतों से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय आर्यभान सिंह सिसौदिया ने इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने के बाद वह तनाव में था। बुधवार शाम उसने घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।

परिजनों के मुताबिक, पोते की मौत के बाद से कमला देवी गहरे सदमे में थीं। गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और देर रात उनका निधन हो गया।

एक ही परिवार में दो दिनों के भीतर हुई इन दो मौतों ने छोटे लुहारपुरा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मोहल्ले में हर आंख नम है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *