शिवपुरी की बेटी का कमाल: जन्मदिन पर मिली स्टेशन मास्टर की कमान, एक ही घर की 3 बेटियां सरकारी सेवा में

शिवपुरी। शहर की एक और होनहार बेटी ने सफलता का परचम लहराते हुए जिले का मान बढ़ाया है। नवाब साहब रोड, चंद्रा कॉलोनी की रहने वाली कंचन शर्मा का चयन रेलवे में स्टेशन मास्टर (भोपाल जोन) के पद पर हुआ है। कंचन के लिए यह कामयाबी इसलिए भी यादगार बन गई क्योंकि जिस दिन उनका जन्मदिन था, उसी दिन रेलवे ने परिणाम घोषित कर उन्हें जीवन का सबसे बड़ा तोहफा दिया।
एक ही आंगन से निकलीं तीन अफसर बेटियां
कंचन शर्मा के परिवार के लिए यह गर्व का विषय है कि उनकी पांच में से तीन बेटियां अब सरकारी सेवाओं के जरिए देश की सेवा कर रही हैं।
- बड़ी बहन काजल शर्मा मध्यप्रदेश न्यायालय में स्टेनोग्राफर हैं।
- छोटी बहन कीर्ति शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
- अब कंचन शर्मा स्टेशन मास्टर बनकर परिवार की तीसरी शासकीय सेवक बनी हैं।
- दो छोटी बहनें भी फिलहाल अपनी पढ़ाई में जुटी हुई हैं।
मां का संघर्ष और संस्कारों की जीत
कंचन और उनकी बहनों की इस सफलता की असली सूत्रधार उनकी मां हैं। पिता कल्लू (योगेश शर्मा) के साथ मिलकर मां ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी बेटियों की हिम्मत टूटने नहीं दी। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। आज उनकी मेहनत का फल है कि एक के बाद एक बेटियां सफलता के शिखर पर पहुँच रही हैं।
शहर में खुशी का माहौल
कंचन की इस उपलब्धि पर नवाब साहब रोड क्षेत्र सहित पूरे शहर में खुशी की लहर है। स्थानीय निवासियों और रिश्तेदारों का कहना है कि शर्मा परिवार की बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि हौसला बुलंद हो और परिवार का साथ मिले, तो बेटियां किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं।
