SP-OFFICE में प्रेमी-जोड़े का हाई-वोल्टेज ड्रामा: 15 दिन के नवजात को जमीन पर रखा, DNA टेस्ट को लेकर मचाया हंगामा

शिवपुरी। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी जोड़े ने अपने 15 दिन के नवजात बच्चे के डीएनए (DNA) टेस्ट को लेकर जमकर हंगामा किया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर उन्होंने मासूम बच्चे को जमीन पर रख दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। 22 दिसंबर 2024 को एक नाबालिग लड़की के लापता होने पर परिजनों ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने करीब एक माह पहले युवती को नवीन राठौर नाम के युवक के साथ दस्तयाब किया था। चूंकि लड़की उस समय गर्भवती थी, इसलिए पुलिस ने नवीन के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।
आरोपी नवीन राठौर को 27 अप्रैल को जमानत मिली थी। इसी बीच युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया। गुरुवार को यह जोड़ा एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस पर आरोप लगाया कि उन पर जबरन डीएनए जांच के लिए दबाव बनाया जा रहा है। लड़की का दावा है कि वह अब बालिग हो चुकी है, जबकि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसकी जन्मतिथि वर्ष 2011 है, जो उसे नाबालिग दर्शाती है।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीओपी संजय चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाइश देकर अपने वाहन से रवाना किया। लेकिन कुछ ही दूरी पर जोड़े ने फिर विवाद शुरू कर दिया और एक महिला पुलिस अधिकारी पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए।
मामला बढ़ता देख कोतवाली प्रभारी रोहित दुबे मौके पर पहुंचे और जोड़े के वकील को बुलाकर कानूनी बारीकियां समझाईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत बच्चे, युवती और युवक तीनों का डीएनए टेस्ट अनिवार्य है। लंबी समझाइश के बाद जोड़ा शांत हुआ और डीएनए जांच के लिए राजी होकर घर रवाना हुआ।
