नगर पालिका में हंगामा: पाइप लाइन डालने को लेकर एई और पार्षद पति भिड़े, मामला थाने पहुंचा

शिवपुरी। नगर पालिका कार्यालय में गुरुवार देर शाम पानी की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के काम को लेकर भारी हंगामा हो गया। नगर पालिका के सहायक अभियंता (एई) सचिन चौहान और वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद मोनिका सड़ैया के पति सीटू सड़ैया के बीच तीखी बहस के बाद विवाद कोतवाली थाने तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
एई सचिन चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सीटू सड़ैया ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की। उन्होंने इसे शासकीय कार्य में बाधा डालना बताया है। वहीं, दूसरी ओर पार्षद पक्ष का कहना है कि वे केवल जनहित की समस्या लेकर गए थे, लेकिन उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पार्षद समर्थकों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन और धरना देंगे।
विवाद का मुख्य कारण वार्ड क्रमांक-6 की कलार गली में मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना के तहत डाली जा रही डिस्ट्रीब्यूशन लाइन है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदार तय मानकों की अनदेखी कर रहा है। पाइप लाइन को नियमानुसार तीन फीट गहरा खोदा जाना चाहिए था, लेकिन इसे काफी कम गहराई में डाला जा रहा था।
निवासियों के विरोध के बाद पिछले एक सप्ताह से काम बंद पड़ा है। न तो पाइप लाइन बिछाई गई और न ही खोदी गई सड़क की मरम्मत की गई। सड़क खराब होने के कारण क्षेत्र में पानी के टैंकरों की आवाजाही भी ठप हो गई है, जिससे जल संकट गहरा गया है। इसी समस्या के समाधान और काम जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर पार्षद पति नगर पालिका पहुंचे थे, जहाँ यह विवाद उत्पन्न हुआ।
