जनगणना ड्यूटी पर तैनात शिक्षक दिनेश नरवरिया का निधन: अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद ग्वालियर में तोड़ा दम

शिवपुरी। जिले में जनगणना 2027 के महत्वपूर्ण कार्य में जुटे शिक्षक दिनेश नरवरिया का बुधवार रात ग्वालियर में उपचार के दौरान निधन हो गया। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वे पिछले कुछ समय से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। उनके असामयिक निधन से शिक्षा विभाग और कर्मचारी संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ था हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक दिनेश नरवरिया अपनी निजी बाइक से जनगणना कार्य के सिलसिले में ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सतनवाड़ा थाने के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए थे।
शिवपुरी से ग्वालियर किया गया था रेफर दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से उन्हें होश नहीं आया था और बुधवार रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
आर्थिक सहायता और सुरक्षा की मांग मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पिपलोदा ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक शिक्षक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। परिवार को नियमानुसार शासकीय राहत और लाभ सुनिश्चित किए जाएं।
जनगणना जैसे फील्ड वर्क में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिक्षक दिनेश नरवरिया के निधन पर शिक्षा जगत के साथियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
