भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: सरकारी तंत्र पर लगाए गंभीर आरोप, CM हाउस घेराव की चेतावनी
तौल में गड़बड़ी और सैंपल के नाम पर 10 किलो अनाज की कटौती; बदरवास और कोलारस के वेयरहाउस पर गंभीर आरोप

शिवपुरी। जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान संघ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जिलाधीश के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ ने उपार्जन केंद्रों पर हो रही अवैध वसूली, मंडी में तौल की धांधली और राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दे उठाए। किसानों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो हजारों की संख्या में किसान मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
जानकारी के अनुसार गुरूवार को भारतीय किसान संघ की दोपहर 12 बजे संघ कार्यालय पर जिला बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और किसान हितों पर चर्चा हुई। इसके बाद दोपहर 2 बजे पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
उपार्जन केंद्रों पर 10 किलो तक की अवैध कटौती
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के 49 गेहूं, चना और मसूर उपार्जन केंद्रों पर भारी अनियमितताएं चल रही हैं। अटलपुर सोसाइटी, बदरवास और माँ कैलादेवी वेयरहाउस कोलारस जैसे केंद्रों पर सैंपल के नाम पर किसानों से 10 किलो तक अनाज अवैध रूप से काट लिया जाता है, जिसे वापस नहीं किया जाता। साथ ही 5 रुपये प्रति बोरी की अवैध वसूली की भी शिकायत की गई है।
मंडी में लूट: रोजाना 15-20 लाख का नुकसान
पिपरसमाया स्थित कृषि उपज मंडी में लहसुन-प्याज की खरीदी में बड़े घोटाले का आरोप लगाया गया है। संघ के अनुसार, वहां 42 किलो का तौल कर केवल 40 किलो का भुगतान दिया जा रहा है। निजी गोदामों में अवैध तुलाई और आढ़तियों द्वारा 5% की वसूली के कारण किसानों को रोजाना 15 से 20 लाख रुपये की चपत लग रही है।
बिजली और मशीनीकरण की मांग
किसानों ने जर्जर हो चुके बिजली के पोल और झूलते तारों को बदलने की मांग की है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। साथ ही, मजदूरों की कमी को देखते हुए कृषि यंत्रों पर अधिक सब्सिडी देने और राजस्व विभाग में होने वाली ‘चौथ वसूली’ (रिश्वतखोरी) पर लगाम लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
हजारों किसान करेंगे सीएम हाउस का घेराव
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को दो टूक कहा है कि यदि इन बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि इसके बाद अगला कदम भोपाल में सीएम हाउस का घेराव होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पवन शर्मा (प्रांतीय सदस्य), बृजेश धाकड़ (जिलाध्यक्ष), बृजेश शर्मा (जिला मंत्री), राजेश वर्मा (संभागीय सदस्य), दीपेंद्र पाल (जिला सह प्रचार प्रमुख) सहित सभी तहसीलों के अध्यक्ष एवं अन्य किसान मौजूद रहे।
