ब्लैकस्पॉट पिपरसमा चौराहे पर हेलमेट जागरूकता अभियान, किसानों और चालकों को किया सचेत

शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत यातायात पुलिस ने पिपरसमा चौराहा और पिपरसमा कृषि मंडी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ब्लैकस्पॉट माने जाने वाले इन स्थानों पर किसानों, राहगीरों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने लोगों को समझाइश देते हुए हेलमेट के महत्व पर जोर दिया और बताया कि सड़क हादसों में सबसे ज्यादा जानें सिर पर चोट लगने से जाती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।
अभियान के दौरान कई चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, वहीं भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई। पुलिस का कहना है कि जिलेभर में ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
