जगभान जाटव ने ग्वाह बनकर आशिफ खान को फाइनेंस कराई गाड़ी: आशिफ किस्त नहीं भर रहा, जगभान पर कंपनी का दबाब

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में फाइनेंस की किश्त को लेकर विवाद अब मारपीट और धमकियों तक पहुंच गया है। चिंगारा कोठी के पास रहने वाले जगभान जाटव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि टमटम गाड़ी की किश्त को लेकर दबाव बनाने पर आशिफ खान, उसके भाई और साथियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार, आशिफ खान ने टमटम गाड़ी फाइनेंस पर ली थी, जिसमें जगभान को गवाह बनाया गया था। आरोप है कि आशिफ द्वारा किश्त और करीब 40 हजार रुपए का बकाया जमा नहीं किया गया, जिसके चलते फाइनेंस कंपनी और एजेंसी जगभान पर दबाव बना रही है। जब जगभान ने किश्त जमा करने को कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
जगभान का आरोप है कि 22 अप्रैल की शाम फॉरेस्ट चौकी के पास आरोपियों ने रास्ता रोककर उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की, पैर पर पत्थर पटककर घायल किया और जातिसूचक गालियां दीं। शोर सुनकर उसकी पत्नी मौके पर पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित का कहना है कि देहात थाने में शिकायत देने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़ित ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने, सुरक्षा प्रदान करने और फाइनेंस की बकाया राशि संबंधित व्यक्ति से ही वसूल कराने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
