SHIVPURI NEWS-डेहरवारा हत्याकांड में साजिश का आरोप: जमीन विवाद बना कत्ल की वजह?

शिवपुरी। जिले के डेहरवारा गांव में 22 अप्रैल को बुजुर्ग महिला रामसखी की गोली मारकर हत्या के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतका के बेटे मुनेश धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपने ही रिश्तेदारों पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल तेंदुआ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
घटना 22 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। मुनेश के अनुसार, वह एक शादी समारोह में गया हुआ था, जबकि घर पर उसकी मां रामसखी, पत्नी और बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक शादी का कार्ड देने के बहाने घर पहुंचे। जैसे ही रामसखी बाहर आईं, एक युवक ने पैर छूने का नाटक किया और दूसरे ने सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई, जबकि हमलावर फरार हो गए।
मुनेश धाकड़ ने अपनी शिकायत में 6 बीघा कृषि भूमि को हत्या की मुख्य वजह बताया है। उसने शिवराज, साहब सिंह, प्रांजुल, तनुश, गुड्डी, कमलेश सहित अन्य रिश्तेदारों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि इन लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी थीं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी प्रभावशाली हैं, इसलिए उन्हें बचाया जा रहा है और एफआईआर में नामजद नहीं किया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।
