swatantra shivpuri 114

शादी समारोह में शुरू हुई लव-स्टोरी: घर से भागकर की कोर्ट-मैरिज, अब परिजन दे रहें है जान से मारने की धमकी

swatantra shivpuri 114

शिवपुरी। जिले में प्रेम विवाह करने वाले एक नवविवाहित दंपत्ति ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। युवती ने अपने ही परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने और लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद दंपत्ति में भय का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, श्योपुर जिले के विजयपुर तहसील अंतर्गत ग्राम हुल्लपुर निवासी अंजली धानुक ने बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के करसेना गांव निवासी शैलू धाकड़ से दो दिन पहले घर से भागकर कोर्ट मैरिज की है। अंजली के मुताबिक दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई। पहले परिजनों ने ही दोनों के रिश्ते को मंजूरी दी थी, लेकिन बाद में अचानक विवाह से इंकार कर दिया गया, जिसके चलते दोनों ने यह कदम उठाया।

अंजली का आरोप है कि शादी से नाराज उसके परिजन लगातार उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वे घर पहुंचकर गाली-गलौज कर रहे हैं और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। दंपत्ति का कहना है कि यदि उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी लड़की के परिजनों की होगी।

दंपत्ति ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए और परिजनों को समझाइश दी जाए, ताकि वे बिना डर के अपना वैवाहिक जीवन जी सकें। फिलहाल पुलिस से इस मामले में हस्तक्षेप की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *