करैरा में गूंजा गौ माता राष्ट्र माता का नारा, ज्ञापन देकर उठाई सख्त कानून की मांग

शिवपुरी। करैरा तहसील में मंगलवार को गौवंश संरक्षण और “गौ माता को राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में गौसेवक, संत समाज, महिलाएं और स्थानीय नागरिक एकत्रित हुए। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संस्कृति में गाय आस्था, श्रद्धा और जीवन का आधार है। वक्ताओं ने कहा कि गौवंश के बिना भारतीय परंपरा अधूरी है और इसे “राष्ट्र माता” का दर्जा देकर सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलनी चाहिए। गौसेवक कल्लू महाराज ने कहा कि यह केवल मांग नहीं, बल्कि देश की आस्था से जुड़ा विषय है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गौवंश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए तस्करी पर सख्त रोक, गोवध पर कड़े कानून और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। अंत में सभी ने संविधान के दायरे में रहकर इस मांग को देशव्यापी आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
