नकबजनी के मामले में फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, 40 हजार के पीतल के बर्तन बरामद

शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र कुशवाह (27) निवासी सलोदा, हाल मनियर शिवपुरी को पकड़कर उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत के पीतल के बर्तन और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च 2026 को न्यू दर्पण कॉलोनी निवासी अभिनव भटनागर ने चतुर्भुज अस्पताल के पास स्थित ध्यान केंद्र से मिक्सर, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक वीटीपी स्कूल के पास चोरी का सामान बेचने की फिराक में खड़ा है, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पीतल की गणेश प्रतिमा, थालियां, आरती, कटोरियां सहित अन्य पूजा सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, भगवत चतुर्वेदी, योगेश राठौर, शैतान सिंह तथा आरक्षक राहुल कुमार और महेन्द्र तोमर की सराहनीय भूमिका रही।
