सिंहनिवास फायरिंग कांड: पूर्व मंत्री के भतीजे सहित 9 आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो, स्विफ्ट कार, रायफल और कट्टा बरामद, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहनिवास गांव में रविवार रात हुई अंधाधुंध फायरिंग और खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी रोहित धाकड़ (पूर्व मंत्री का भतीजा) सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो लग्जरी गाड़ियां (स्कॉर्पियो और स्विफ्ट), एक रायफल, देशी कट्टा और भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली टीआई रोहित दुबे की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर दबिश दी। सिंहनिवास पुल के पास फोरलेन बायपास से काले रंग की स्कॉर्पियो (MP13ZT6327) में सवार 5 आरोपियों रोहित धाकड़, दुष्यंत धाकड़, आदित्य उपाध्याय, राजकुमार रावत और रवि जाट को गिरफ्तार किया गया। रोहित धाकड़ के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। रेलवे स्टेशन माल गोदाम के पास से सफेद रंग की स्विफ्ट कार (MP33C8179) को घेरा गया। यहाँ से प्रगट रावत, दीपक रावत, पवन रावत और अरुण उर्फ छोटू रावत को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और लोहांगी बरामद की गई।
मौके से मिली रायफल और चले हुए कारतूस
पुलिस ने घटना स्थल से एक 315 बोर की रायफल (नंबर A1805-2891-315-1975) जब्त की है। साथ ही मौके से तीन चले हुए खाली खोखे और 4 जिंदा राउंड भी मिले हैं। पुलिस अब रायफल के लाइसेंसधारी के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि उस पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रगट और रोहित पर पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से प्रगट रावत पर पहले से ही हत्या के प्रयास और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, रोहित धाकड़ के विरुद्ध भी मारपीट के पुराने अपराधिक रिकॉर्ड पाए गए हैं। रात के समय हुई इस फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल था, जिसे देखते हुए अब पुलिस गांव में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने फरियादी जयसिंह रावत की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 332(बी), 296(1), 351(3), 115(2), 191(2), 193(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।
इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में उप निरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह राजावत, सुमित शर्मा, अमित चतुर्वेदी और यमेन्द्र चौहान ने मुख्य भूमिका निभाई। टीम में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी व आबिद खान, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, संतोष बैस, अवतार सिंह, विनय सिंह व जितेन्द्र रामपुरिया के साथ-साथ आरक्षक महेन्द्र तोमर, राहुल कुमार, अजीत राजावत, देवेन्द्र रावत, अजय यादव (1032), अजय यादव (631) और आरक्षक चालक विक्रम धाकड़ शामिल रहे।
