swatantra shivpuri 109

सिंहनिवास फायरिंग कांड में नया मोड़: पूर्व जनपद अध्यक्ष के भाई समेत 4 पर ATTEMPT TO MURDER की FIR, छावनी बना गांव

  • सरपंच पति पक्ष के बाद अब जय सिंह रावत गुट पर भी FIR; ग्वालियर में भर्ती प्रमोद रावत की पत्नी के बयानों ने पलटी बाजी
swatantra shivpuri 109

शिवपुरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहनिवास गांव में रविवार रात हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने अब दूसरे पक्ष पर भी शिकंजा कस दिया है। पूर्व जनपद अध्यक्ष पारम सिंह रावत के भाई जय सिंह रावत सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इस कार्रवाई के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप: लाठी-रॉड से किया जानलेवा हमला
ग्वालियर के जेएएच (JAH) ट्रामा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहे प्रमोद रावत की पत्नी उमा रावत ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 11 बजे उनके पति घर लौट रहे थे। तभी पुलिया के पास जय सिंह रावत, अरविंद, दीवान और लाखन रावत ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लोहे की रॉड, लुहांगी और लाठियों से प्रमोद पर जानलेवा हमला किया। प्रमोद के सिर, हाथ-पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें शिवपुरी से ग्वालियर रेफर करना पड़ा।

विवाद अब हुआ दोतरफा
विदित हो कि इसी घटना में पहले जय सिंह रावत की शिकायत पर सरपंच पति प्रभात रावत, पूर्व मंत्री के भतीजे रोहित राठखेड़ा समेत 15 लोगों पर केस दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष (प्रमोद रावत) की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला पूरी तरह दोतरफा हो गया है। पुलिस ने प्रमोद पक्ष की शिकायत पर जय सिंह, अरविंद, दीवान और लाखन रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

प्रमोद रावत की हालत नाजुक
मारपीट में घायल हुए प्रमोद रावत अभी भी ग्वालियर में उपचाराधीन हैं और उनकी स्थिति बोलने लायक नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोटें काफी गहरी हैं। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि वारदात की असली वजह और दोषियों की पहचान की जा सके।

इनका कहना है।
घटना की गंभीरत को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस फॉर्स तैनात किया गया है। चूंकि दोनो पक्षों के घर आमने सामने है इसलिए विवाद थमने तक पुलिस ने सुरक्षा हेतु फॉर्स तैनात किया गया है। फिलहाल हमने एक आरोपी पक्ष के 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। क्रॉस एफआईआर के बाद दूसरे पक्ष के आरोपियों को हम जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।
रोहित दुबे, निरीक्षक थाना कोतवाली शिवपुरी

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *