वार्ड 36 में जलभराव का संकट: 250 मीटर कच्ची गली, बारिश से पहले सीसी रोड-नाली की मांग

शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 36 स्थित झींगुरा कॉलोनी (आईपीएस स्कूल के पास) के रहवासियों ने गली में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर कलेक्टर को जनसुनवाई में शिकायत सौंपी है। नागरिकों का कहना है कि होकुम राठौर के घर से दिलीप के मकान तक करीब 250 मीटर की गली आज भी कच्ची है, जहां सीसी रोड और नाली का निर्माण नहीं होने से हर साल बारिश में हालात बदतर हो जाते हैं।
रहवासियों के अनुसार गली में तीन तरफ से पानी भरता है। पहले पानी नीचे की ओर निकल जाता था, लेकिन अब नीचे सीसी रोड बनने के बाद निकासी बंद हो गई है। ऐसे में आगामी बारिश में घरों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार वार्ड पार्षद से शिकायत की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। पार्षद द्वारा फाइल स्वीकृत और टेंडर होने की बात कही गई, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने वोट न मिलने का हवाला देकर काम में रुचि नहीं दिखाई।
वार्डवासियों ने कलेक्टर और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बारिश से पहले गली में सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और आमजन को परेशानी न झेलनी पड़े।
