SHIVPURI NEWS-भूलेख पोर्टल में अनियमितताओं का आरोप, जिला पंचायत सदस्य ने मांगी GIS रिपोर्ट

शिवपुरी। जिले में भूलेख पोर्टल पर कथित गड़बड़ियों को लेकर मामला सामने आया है। जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी ने कलेक्टर को आवेदन देकर तहसील पिछोर क्षेत्र में किए गए सुधारों की विस्तृत जांच और रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने जनसुनवाई में यह शिकायत रखते हुए कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों ने भूलेख रिकॉर्ड में अनाधिकृत बदलाव की शिकायतें की हैं।
आवेदन में मनीराम लोधी ने उल्लेख किया है कि कई गांवों में कृषकों ने मौखिक और लिखित रूप से बताया है कि भूलेख पोर्टल पर बिना उचित प्रक्रिया के सुधार किए जा रहे हैं। इन शिकायतों की सत्यता जांचने के लिए उन्होंने तहसीलदार पिछोर के भूलेख पोर्टल/वेब GIS लॉगिन से संबंधित सभी सुधार गतिविधियों की ऑर्डर रिपोर्ट वर्ष 2024-25 और 2025-26 की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर भी जानकारी भेजी है। आवेदन की प्रतिलिपि राजस्व मंत्री मध्यप्रदेश शासन, ग्वालियर कमिश्नर और भू-अभिलेख अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है। अब इस शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच और कार्रवाई को लेकर नजरें टिकी हुई हैं।
