टिल्लू मोटर बना मौत का कारण: पानी भरते समय महिला की करंट से मौत

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पानी भरते समय टिल्लू मोटर में करंट आने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गुड़िया खान पत्नी अख्तर खान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि गुड़िया खान घर पर आए पानी के टैंकर से पानी भरने के लिए मोटर चला रही थीं, तभी अचानक मोटर में तेज करंट दौड़ गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। इलाके में पानी की किल्लत के चलते लोग दो-तीन दिन में एक बार पानी मिलने पर टैंकरों पर निर्भर हैं, जिससे ऐसे जोखिम भरे हालात बन रहे हैं।
मृतका के चार छोटे बच्चे हैं, जिन पर अब मां का साया उठ गया है। फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया के अनुसार परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह हादसा न सिर्फ लापरवाही बल्कि शहर की बिगड़ती जल व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
