भौंती की मूंगफली मील में भीषण आग, लाखों की मशीनरी जलकर खाक

शिवपुरी। जिले के भौंती कस्बे में देर रात एक मूंगफली मील में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक मील परिसर से धुआं और लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर लगी सौरटैक्स मशीनरी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की जांच जारी है।
घटना के दौरान मील में रखा करोड़ों रुपये का मूंगफली दाना समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया। सूचना मिलते ही भौंती पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
इस अग्निकांड में मील संचालक बंटी नगरिया को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
