1000558279

शिवपुरी की बेटियों ने कृषि संकाय में रचा इतिहास, सगी बहनें प्रदेश में प्रथम व द्वितीय

1000558279

शिवपुरी। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की परीक्षाओं में शिवपुरी जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। जिले के कुल 21 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है, जिनमें सबसे शानदार प्रदर्शन कृषि (एग्रीकल्चर) संकाय में देखने को मिला। जिले की दो सगी बहनों ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों को मात देते हुए प्रदेश में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है, जिससे उनके परिवार सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है।

सब्जी विक्रेता की बेटियों का बड़ा धमाका

​12वीं के कृषि संकाय में इंडियन पब्लिक स्कूल की दो सगी बहनों, चंचल कुशवाह और प्रीति कुशवाह ने एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। चंचल कुशवाह ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि उनकी छोटी बहन प्रीति कुशवाह ने 488 अंक लेकर प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है। इन होनहार छात्राओं के पिता शिवपुरी में ठेले पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक सीमाओं और सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों बहनों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। चंचल और तुलसी ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। संजना धाकड़ ने 487 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि लक्ष्मी यादव 484 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

रेस्टोरेंट संचालक की बेटी तुलसी ने भी किया कमाल

​कृषि संकाय में ही रेस्टोरेंट संचालक की पुत्री तुलसी राजावत ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 493 अंक प्राप्त किए और चंचल कुशवाह के साथ संयुक्त रूप से प्रदेश भर में पहला स्थान प्राप्त किया। तुलसी की रुचि कृषि क्षेत्र में ही आगे की उच्च शिक्षा प्राप्त करने की है, जिससे वह ग्रामीण क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकें। वर्तमान में ये सभी छात्राएं आगे पीएटी (PAT) की तैयारी कर रही हैं।

जिले के 21 विद्यार्थी मेरिट में

​इस वर्ष एमपी बोर्ड के परिणामों में शिवपुरी जिले का दबदबा रहा है। जिले के कुल 21 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। 12वीं कक्षा में 14 छात्र-छात्राएं प्रदेश की टॉपर सूची में शामिल हैं, जबकि 10वीं कक्षा में 8 विद्यार्थियों ने प्रदेश मेरिट में स्थान पक्का किया है। हालांकि, ओवरऑल परिणाम की बात करें तो शिवपुरी जिला प्रदेश भर में 12वीं में 29वें और 10वीं में 34वें स्थान पर रहा है।

विभिन्न संकायों के टॉपर्स की स्थिति

  • कला (आर्ट्स): दीप्ति रावत ने 487 अंक लेकर प्रदेश में तीसरा और वंशिका यादव ने 481 अंक के साथ 9वां स्थान पाया।
  • विज्ञान (मैथ्स): कान्हा शर्मा ने 490 अंक लेकर प्रदेश में तीसरा और अनुष्का धाकड़ ने 483 अंक के साथ 10वां स्थान प्राप्त किया। रंजीत प्रजापति 486 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे।
  • वाणिज्य (कॉमर्स): प्रतिष्ठा गौड़ और हंसिका राठौर ने 486-486 अंक लेकर प्रदेश में संयुक्त रूप से 5वां और प्रगति सोनी ने 481 अंक लेकर 10वां स्थान पाया। जीव विज्ञान समूह में खुशी धाकड़ ने 485 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया।

10वीं कक्षा में भी होनहारों का जलवा

​10वीं कक्षा में राजीव राठौर और दीपेश धाकड़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 492 अंक हासिल किए और प्रदेश की मेरिट में 8वां स्थान पाया। स्मृति पांडे, आशिकी शर्मा और रानू प्रजापति ने 491 अंक के साथ 9वां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मोनिका प्रजापति, रवि कुशवाह और मानसी अग्रवाल ने 490 अंक लेकर प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। दीपेश धाकड़ ने भी प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *