UIT शिवपुरी में ABVP का प्रदर्शन, पेयजल-शौचालय अव्यवस्था पर छात्रों का फूटा गुस्सा; शिक्षक भर्ती जांच की मांग

शिवपुरी। यूआईटी में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्र समस्याओं को लेकर एक दिवसीय प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज परिसर में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर विरोध दर्ज कराया। छात्रों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व यूआईटी इकाई अध्यक्ष आयुष दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि परिषद छात्रों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। छात्रों ने छात्रावासों के शौचालयों की खराब स्थिति, स्वच्छ पेयजल की कमी और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। साथ ही शिक्षक भर्तियों में पारदर्शिता की मांग करते हुए जांच और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की बात उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कॉलेज प्रशासन होश में आओ और हम अपना अधिकार मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम के अंत में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी डायरेक्टर संजीव गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। गुप्ता ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान शुभम धाकड़, अव्यय उपाध्याय, दीपक शुक्ला, ओम त्रिपाठी, अभिषेक धाकड़ और प्रशांत कटारे सहित कई छात्र मौजूद रहे।
