शादी का झांसा देकर सिनेमैटोग्राफर ने विवाहिता को फंसाया, पति से तलाक कराकर 1 साल LIVE-IN में रख किया यौन शोषण

शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणेश कॉलोनी से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ग्वालियर की एक 25 वर्षीय महिला को प्यार के जाल में फंसाकर, उसका घर उजाड़ने और एक साल तक लिव-इन में रखकर शारीरिक शोषण करने का आरोप एक सिनेमैटोग्राफर पर लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शादी समारोह में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर निवासी पीड़िता तीन साल पहले शिवपुरी में एक शादी समारोह में आई थी। यहीं उसकी मुलाकात फिल्म मेकिंग सिनेमैटोग्राफर मोक्ष पुत्र चंद्रपाल सिंह सिकरवार से हुई। दोस्ती से शुरू हुआ यह सिलसिला प्यार तक जा पहुँचा। पीड़िता ने शुरुआत में अपनी उम्र और वैवाहिक स्थिति का हवाला देकर दूरी बनानी चाही, लेकिन मोक्ष के लगातार दबाव और शादी के वादे के आगे वह हार गई।
पति से कराया तलाक, फिर लिव-इन में रखा
दो साल तक चले इस प्रेम प्रसंग की भनक जब महिला के पति को लगी, तो घर में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मोक्ष ने महिला को उसके पति से तलाक लेने के लिए मजबूर किया। कानूनी तौर पर तलाक होने के बाद, मोक्ष उसे शिवपुरी की गणेश कॉलोनी स्थित अपने घर ले आया। यहाँ दोनों करीब एक साल तक लिव-इन-रिलेशनशिप में रहे, जहाँ शादी का झांसा देकर आरोपी उसका दैहिक शोषण करता रहा।
मन भरा तो घर से निकाला : पीड़िता की आपबीती
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि एक साल बीतने के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी मोक्ष के तेवर बदल गए। उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और महिला को घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने दर्द साझा करते हुए कहा: “अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा है। न मैं मायके जा सकती हूँ और न ही अपने पुराने घर लौट सकती हूँ। उसने मेरा सब कुछ बर्बाद कर दिया।”
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी मोक्ष सिकरवार के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
