खेल मैदान में बिना अनुमति मूर्ति स्थापना पर विवाद, हटाने की अपील पर ग्रामीण धरने पर बैठे

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में शासकीय खेल मैदान के बीच बिना अनुमति मूर्ति स्थापित किए जाने से विवाद की स्थिति बन गई है। जानकारी के अनुसार, यह मैदान गांव के युवाओं द्वारा क्रिकेट सहित अन्य खेल गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है। इसी मैदान के मध्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मूर्ति स्थापित कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बहुजन समाज की महिलाओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंची दिनारा थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए बताया कि किसी भी सार्वजनिक या शासकीय भूमि पर मूर्ति स्थापना के लिए प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य होती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि मैदान के बीच मूर्ति होने से खेल गतिविधियां प्रभावित होंगी। बावजूद इसके ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और मूर्ति के चारों ओर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।
थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि शासकीय भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा मूर्ति रखे जाने की सूचना अनुविभागीय अधिकारी को दे दी गई है। उनके निर्देशानुसार मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
