व्यापारी के घर में चोरी कर भागने के दौरान चोरों के जूते छूट गए,पुलिस ने जूतों से चोर पकड लिए

शिवपुरी। खबर जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के पोठयाई गांव से आ रही है। जहां एक व्यापारी के घर हुई चोरी की घटना को पुलिस ने ट्रेस करने में सफलता हासिल की है। पुलिस इन चोरों तक जूतों के जरिए पहुंची और उसके बाद इस मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

यहां बता दे कि बीते 3 जनवरी की रात पोठयाई गांव के रहने वाले पंकज जैन के घर अज्ञात चोर घुस गए थी। जहां एक चोर ने कट्टे की बट से व्यापारी पर हमला भी बोल दिया था। चोर व्यापारी के घर से 90 हजार रूपये नगदी व दस्तावेजों से भरा बैग चुराकर फरार हो गए थे। जिसके बाद मामला दर्ज करने के बाद पुलिस लगातार चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।

बताया गया है कि चोरी के वक्त चोर घर में जूते और चप्पल छोड़ कर भाग गए थे। पुलिस ने अपनी पड़ताल में चोरों के जूतों को भी लिया था। पड़ताल में पता लगा कि इस प्रकार के जूते सिमलार गांव का रहने वाला कृष्णपाल उर्फ केपी यादव को अक्सर पहने हुए देखा गया है। जो वर्तमान में पोठयाई में ही घर बना कर रह रहा है।

पुलिस ने कृष्णपाल उर्फ केपी यादव की तलाश शुरू कर दी थी तभी पुलिस को पता चला कि चोरी की घटना से पहले शाम के वक्त कृष्णपाल उर्फ केपी यादव के पोठयाई गांव के मकान पर पार्टी हुई थी। इसके बाद कृष्णपाल उर्फ केपी यादव लापता हो गया था। पुलिस ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का सुराग लगाते हुए दो लोगों की पहचान पिछोर थाना क्षेत्र के दविया जगन गांव का रहने वाला अमोल लोधी के रूप में की थी।

अमोल आदतन अपराधी था जो 22 महीनों की जेल काटकर हाल ही में छूट कर आया था। इसके बाद पुलिस ने 27 जनवरी को अमोल लोधी को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें अमोल लोधी पुत्र महेश लोधी उम्र 28 साल ने चोरी की वारदात को कृष्णपाल उर्फ केपी यादव और एक अन्य चोर के साथ अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *