swatantrashivpuri 28

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे में शिवपुरी के विमलेश की मौत, परिवार का बड़ा बेटा था युवक

swatantrashivpuri 28

शिवपुरी। ग्वालियर के शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए शनिवार देर रात का समय बेहद दुखद साबित हुआ। यहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए गए हैं। इस हादसे में शिवपुरी जिले के महागावरा गांव निवासी 18 वर्षीय विमलेश बघेल की भी जान चली गई।

विमलेश, कुंअर पाल बघेल का पुत्र था। वह ग्वालियर में रहकर बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। करीब आठ दिन पहले ही वह अपने गांव से ग्वालियर पहुंचा था। शनिवार रात वह अपने मौसेरे भाई आकाश बघेल, निवासी घोंदा गांव, भितरवार के साथ शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गया था।

दोनों मंदिर में प्रवेश के लिए सड़क किनारे लगी श्रद्धालुओं की कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की तरफ से आ रहा धान से भरा ट्रक अनियंत्रित हो गया और कतार में मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। इस दुर्घटना में विमलेश की मौत हो गई।

दो भाइयों में सबसे बड़ा था विमलेश

विमलेश अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसकी एक बहन भी है। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपना भविष्य बेहतर बनाएगा और परिवार का सहारा बनेगा। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ढलान पर बिगड़ा ट्रक का संतुलन, मंदिर की दीवार भी गिरी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया। बताया गया है कि ट्रक पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की कतार में घुस गया। इसके बाद वह मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार ढह गई और कुछ लोग मलबे में दब गए।

हादसे में घायल 26 लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं।

हादसे के बाद पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद मृतकों और घायलों के परिजनों ने पुलिस की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस ने ट्रक चालक और उसके मालिक को गिरफ्तार किया है। चालक का कहना है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

घटना के बाद प्रशासन ने भी कदम उठाए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सीएसपी को हटाया गया है और आठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *