शिवपुरी: क्रेन सर्विस के ऑफिस में मिला 36 वर्षीय हाइड्रा चालक का शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

शिवपुरी। शहर के बड़ौदी क्षेत्र में थीम रोड के पास स्थित क्रेन सर्विस के कार्यालय में शनिवार सुबह एक हाइड्रा चालक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 36 वर्षीय दीपक बाथम के रूप में हुई है। वह शुक्रवार रात अपना वाहन खड़ा करने के बाद कार्यालय में ही सो गया था। सुबह कर्मचारियों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद साथी कर्मचारी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
रात में ऑफिस में ही सोया था चालक
जानकारी के अनुसार, दीपक बाथम पुत्र सुंदर बाथम मूल रूप से ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र के इरेखा गांव का निवासी था। करीब पांच साल पहले वह अपनी ससुराल सेसई सड़क गांव में रहने लगा था। वर्तमान में वह बड़ौदी क्षेत्र में पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था और हाइड्रा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
शुक्रवार रात काम के बाद उसने क्रेन सर्विस के परिसर में वाहन खड़ा किया और कार्यालय में सो गया। शनिवार सुबह कर्मचारियों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल दीपक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
