शिवपुरी 40 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

शिवपुरी। जिले के करौंदी इलाके में शुक्रवार रात एक महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय रीना गौड़ ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उनके पति बीमार भतीजे को लेकर मेडिकल कॉलेज गए हुए थे। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीमार भतीजे को लेकर अस्पताल गए थे पति
लखन गौड़ के अनुसार, उनके भतीजे की तबीयत खराब थी, इसलिए वह अपनी भाभी के साथ उसे लेकर मेडिकल कॉलेज गए थे। इसी दौरान घर पर रीना ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी उन्हें अपनी मां के माध्यम से मिली। लखन ने बताया कि परिवार में कमाई की जिम्मेदारी उन्हीं पर है।
घरेलू विवाद की भी सामने आई बात
लखन गौड़ ने बताया कि रीना और उनकी मां के बीच अक्सर अनबन होती रहती थी, जिस कारण घर में विवाद की स्थिति बन जाती थी। दूसरी ओर, महिला के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर रीना को परेशान करने के आरोप लगाए हैं।
फिलहाल, दोनों पक्षों की बातों और लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है। फिजिकल थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
