बेटी को हॉस्टल छोड़कर लौट रही महिला को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप में उड़ाया, मौत- SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपनी बेटी को नरवर स्थित हॉस्टल छोड़कर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान सिलरा तिराहे पर सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बरसोड़ी गांव निवासी लीलावती जाटव अपनी बेटी सरोज जाटव को नरवर स्थित हॉस्टल छोड़ने गई थीं। बेटी को छोड़ने के बाद वह वापस गांव लौट रही थीं। शाम करीब 4:30 बजे सिलरा तिराहे पर गांव जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं, तभी करैरा की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (MP07GA9567) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
हादसे में लीलावती जाटव के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल करैरा के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करैरा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बोलेरो पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है
