BJYM के जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल रुद्राक्ष गौड़ गोलू की कथित ऑडियो वायरल, राजनैतिक षड्यंत्र का आरोप, थाने में शिकायत

शिवपुरी। भाजपा युवा मोर्चा शिवपुरी के जिलाध्यक्ष पद की दौड़ और संगठनात्मक सक्रियता के बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस कथित ऑडियो को लेकर अब दोनों ही पक्षों ने सामने आकर इसे पूरी तरह से फर्जी, एडिटेड और मनगढ़ंत करार दिया है।
मामले में राजनैतिक द्वेषवश छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए शिवपुरी सिटी कोतवाली और कोलारस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऑडियो क्लिप प्रसारित की जा रही थी। इस कथित ऑडियो में भाजयुमो के प्रदेश प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रूद्राक्ष गौड़ गोलू और शिवपुरी निवासी नवोदित खंडेलवाल गूडडू के बीच किसी प्रकार के पैसों के लेन-देन की बातचीत होना दर्शाया गया था।
ऑडियो के सामने आते ही राजनैतिक हल्कों में सुगबुगाहट तेज हो गई थी, लेकिन अब दोनों पक्षों द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के बाद इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी राजनैतिक साजिश के रूप में देखा जा रहा है।
मानहानि का मुकदमा दर्ज कराऊंगा
नवोदित खंडेलवाल गूडडू ने कहा कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम से जो ऑडियो प्रसारित किया जा रहा है, वह पूरी तरह से असत्य और कूटरचित है। मेरा रूद्राक्ष गौड़ उर्फ गोलू से न तो कोई व्यावसायिक संबंध है और न ही व्यक्तिगत लेन-देन। में उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता तक नहीं हूं और न ही कभी हमारी फोन पर बात हुई है।
मेरी छवि खराब करने के लिए आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर यह फर्जी ऑडियो तैयार किया गया है। मैंने इस संबंध में सिटी कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। जो भी इस भ्रामक ऑडियो को फैलाएगा, उसके खिलाफ में सख्त कार्रवाई कराऊंगा।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रूद्राक्ष गौड़ ने कहा कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद के लिए मेरी सक्रियता और संगठन में मजबूत पकड़ को देखते हुए कुछ अज्ञात और शरारती तत्वों ने द्वेष भावना के तहत यह घटिया चाल चली है।
इस फर्जी ऑडियो से मेरा या नवोदित खंडेलवाल का कोई सरोकार नहीं है। संगठन और मेरे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए यह राजनैतिक षड्यंत्र रचा गया है। मैंने कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेई को आवेदन देकर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में सत्यता जल्द ही सबके सामने आ जाएगी।
