बैराड़ पुलिस ने 5 लाख की 21 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर जीतू प्रजापति और छोटू ओझा को किया गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले की बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में स्मैक तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 21 ग्राम से अधिक स्मैक, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में बैराड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री कॉलोनी निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र प्रजापति अपने घर के सामने स्मैक की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 11.87 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है, बरामद हुई। इसके अलावा 16 हजार 100 रुपए नगद और एक इलेक्ट्रॉनिक पॉकेट तौल कांटा भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य स्मैक सप्लायरों के नाम भी बताए हैं, जिनके खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जेल से बाहर आने के बाद दोबारा अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था।
वहीं दूसरे मामले में बैराड़ पुलिस ने करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को आरोपी मोनू गुप्ता के कब्जे से 10.36 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। पूछताछ में मोनू गुप्ता ने बताया था कि उसने यह स्मैक ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा से खरीदी थी। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
28 मई की रात पुलिस को सूचना मिली कि बरोद रोड स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा निवासी बरोद रोड बैराड़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है, बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ पहले से भी करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
इन दोनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, उनि धर्मेन्द्र शिवहरे, सउनि हरिओम पाण्डेय, सउनि सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, आरक्षक ज्ञान सिंह रावत, देवेन्द्र राठौर, धर्मपाल धाकड़, गिर्राज त्यागी तथा चालक आरक्षक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
