1000748052

आरती प्रजापति पर हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

लुधावली में पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी मारपीट, सीसीटीवी वीडियो आया सामने

1000748052

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित लुधावली इलाके में महिला आरती प्रजापति पर लाठी से हमला और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनका जुलूस निकाला गया। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते नजर आए।

गिरफ्तार आरोपियों में जीतू पाल, उसकी पत्नी ज्योति बाल्मीक, सूरज बाल्मीक और तुलसी आदिवासी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार यह वारदात 26 मई की रात को हुई थी। लुधावली क्षेत्र में रहने वाली आरती प्रजापति और उसकी पड़ोसी ज्योति बाल्मीक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ज्योति बाल्मीक सहित चार-पांच लोगों ने मिलकर आरती पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। घायल महिला की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने ज्योति बाल्मीक, जीतू पाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि पीड़िता के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस जांच के दौरान आरती के पति नंदू राठौर का नाम भी सामने आया है। उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले आरती प्रजापति ने ज्योति बाल्मीक और जीतू पाल के कथित प्रेम संबंधों की जानकारी उनके जीवनसाथियों को दे दी थी। इसके बाद दोनों परिवारों में विवाद बढ़ गया और तलाक की नौबत आ गई। बाद में ज्योति और जीतू साथ रहने लगे। इसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरती को निशाना बनाए जाने की बात सामने आ रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *