swatantra shivpuri 86

27 टांके और तलवार से हमला, फिर भी पुलिस की मेहरबानी: RAPE केस में फंसाने की धमकी देने वाली महिला भी गिरोह में शामिल

swatantra shivpuri 86

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी शिवपुरी कटरा मोहल्ला में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गुरुवार को पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराएं बढ़ाने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

शिकायती आवेदन में पीड़ित सालीन कर्मावत और ध्रुव बेडिया ने बताया कि आरोपियों ने उन पर तलवारों से ताबड़तोड़ हमला किया। हमला इतना घातक था कि सालीन के सिर में 15 टांके और ध्रुव के सिर में 12 टांके आए हैं। पीड़ितों का कहना है कि यह हमला उन्हें जान से मारने की नीयत से किया गया था, लेकिन पुलिस ने इस मामले में बहुत ही सामान्य धाराएं लगाई हैं, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि हमला करने वाले आरोपी अजय बेडिया सोनी, समीर वंश, अनुराग और निकिता पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। पीड़ितों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गिरोह में शामिल महिला अन्य लोगों को झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देती है। पीड़ितों का दावा है कि उनके पास इस धमकी की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि सिर पर तलवार से प्रहार करना स्पष्ट रूप से हत्या के प्रयास की श्रेणी में आता है, लेकिन कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए उन पर कड़ी धाराएं बढ़ाई जाएं ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे।

एसपी कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की फाइल और मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा करने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और चोट की गंभीरता के आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *