शिवपुरी में खनिज माफिया पर बड़ी कार्रवाई: 3 डंपर और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कलेक्टर के कड़े तेवर

शिवपुरी। जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के कड़े निर्देशों के बाद खनिज विभाग की टीम ने कोलारस और सुरवाया क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है।
खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित के नेतृत्व में खनिज दल ने कोलारस अनुविभाग के लुकवासा क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 03 डम्पर/हाईवा को रंगे हाथों पकड़ा गया। जब्त किए गए इन वाहनों को तत्काल लुकवासा पुलिस चौकी की सुरक्षा में खड़ा करवा दिया गया है।
खनिज विभाग की टीम ने परिवहन के साथ-साथ अवैध भंडारण पर भी प्रहार किया है ग्राम कुल्हाड़ में लगभग 10 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अभिरक्षा में लिया गया है। ग्राम करई डांडा में टीम ने लगभग 20 घन मीटर एम-सैंड (M-Sand) और 05 घन मीटर रेत का अवैध स्टॉक पकड़ा। यहाँ से भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना सुरवाया की निगरानी में सौंपी गई है।
खनिज विभाग द्वारा इन सभी मामलों में अवैध उत्खनन और परिवहन की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग अब इन मामलों में भारी अर्थदंड (जुर्माना) वसूलने की वैधानिक कार्यवाही कर रहा है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले के भीतर खनिज संपदा का अवैध दोहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की सूचना मिलते ही तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
